साले की शादी में जा रहे परिवार की पिकअप डंपर में घुसी, दो की मौत
कोटपूतली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में सोमवार सुबह दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसा हो गया। बहरोड़ में जेजे पैलेस के सामने फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार पिकअप आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। हादसे में पिकअप सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप में एक परिवार के लोग साले की शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
बहरोड़ थाने के एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि हादसा सुबह हुआ। पिकअप में फरियाद अली (24), समसुद्दीन (40), तस्लीमन (45) और चालक मोहम्मद राशिद (40) सवार थे। सभी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और कोटपूतली क्षेत्र में खेती-बाड़ी का काम करते हैं। शादी में शामिल होने के लिए वे मुगलपुर गांव जा रहे थे। गांव पहुंचने से करीब 25 किलोमीटर पहले फ्लाईओवर पर पिकअप आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में फरियाद अली और समसुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों आपस में साढ़ू बताए गए हैं।
वहीं तस्लीमन और चालक राशिद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए कोटपूतली जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया।
सबसे दुखद बात यह है कि मृतक फरियाद अली की शादी महज 22 दिन पहले, 13 सितंबर को हुई थी। वह अपने साले दिलशाद की शादी में शामिल होने के लिए रिश्तेदारों के साथ पिकअप से आ रहा था। दिलशाद की मंगलवार को शादी और बारात चंडीगढ़ जानी थी।
परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन हादसे की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं।
परिजन जब अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे तो वहां माहौल गमगीन हो गया। फरियाद की सास ने भावुक होकर कहा कि बेटी के हाथों की मेहंदी भी अभी नहीं छूटी थी और परिवार पर यह दुख टूट पड़ा। हादसे के बाद शादी वाले परिवार में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

