सामाजिक एकता से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण : अनुराग

WhatsApp Channel Join Now
सामाजिक एकता से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण : अनुराग


धौलपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शहर के नृसिंह मंदिर परिसर में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में आपसी भाईचारे एवं सामाजिक एकता को बढ़ाने तथा राष्ट्र हित मे हिंदू एकता का संकल्प लिया गया।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के भरतपुर विभाग के कुटुंब प्रबोधन संयोजक अनुराग शर्मा ने कहा कि आज हमारा देश विश्व की महाशक्तियों में शामिल हो चुका है। यह तभी संभव है जब संपूर्ण देश के लोग भारत के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं, लेकिन आज देश में कुछ आसुरी शक्तियां हैं, जो कि देश को तोड़ने का काम कर रही हैं। ऐसी आसुरी शक्तियों का हमें विनाश करना होगा तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करना होगा,क्योंकि सामाजिक एकता से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

अध्यक्षता करते हुए समाजसेवी अशोक रस्तोगी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के मौके पर आयोजित किया जा रहे हिंदू सम्मेलनों से सामाजिक समरसता तथा हिंदू एकता का भाव मजबूत हो रहा है। जो सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने संघ को आज के समय की आवश्यकता बताते हुए संघ के कार्यों के प्रशंसा भी की। कार्यक्रम संयोजक एवं रियासतकालीन नृसिंह मंदिर के मुख्य पुजारी डॉ. रविन्द्र श्रोत्रिय ने कहा कि हिंदू समाज में राष्ट्रचेतना, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ करना आज की महती आवश्यकता है। हिन्दू सम्मेलन समाज को उसके संस्कारों, परंपराओं और मूल्यों से जोड़ते हुए सामाजिक समरसता और सेवाभाव मजबूत करते हैं। उन्होंने अतिथियों का आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम में मातृ एवं युवा शक्ति को सम्मानित किया गया। सम्मेलन में अमित शर्मा, यतेंद्र गर्ग, अखिलेश श्रीवास्तव, कुशल कुलश्रेष्ठ, अभिषेक त्यागी, संदीप यादव,आकाश परिहार, शिवम झा,नारायण एवं वासु सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय बंसल ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story