सांसद ने जेके लोन अस्पताल में सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, जेडीए शिविर में सुनीं जनसमस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
सांसद ने जेके लोन अस्पताल में सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, जेडीए शिविर में सुनीं जनसमस्याएं


जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सोमवार को जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने पुण्डरीक पार्क में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का चिंतन आज भी राष्ट्र जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में समान रूप से प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि डॉ. मुखर्जी के विचारों और मूल्यों को समाज तक पहुंचाना भी है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज सेवा और जनसेवा के माध्यम से उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलेंगे, तभी भावी पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के बाद सांसद मंजू शर्मा ने जेके लोन अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों, अस्पताल परिसर और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों के समक्ष नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने, नियमित निगरानी रखने और भविष्य में लापरवाही नहीं होने के निर्देश दिए।

इसके बाद सांसद जेडीए के जनसमस्या समाधान शिविर पहुंचीं। यहां उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान की प्रभावी निगरानी करना भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story