सांगानेर एलीवेटेड के लिए 8 मार्च से धरातल पर शुरू होगा काम
जयपुर, 04 मार्च (हि.स.)। आमजन को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से जेडीए द्वारा सांगानेर एलीवेटेड रोड परियोजना का कार्य अब धरातल पर शुरू किया जा रहा है। कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है और 8 मार्च से साइट पर कार्य प्रारंभ होगा। गुरुवार से कंपनी डिजाइन एवं अन्य तकनीकी प्रक्रियाएं शुरू कर देगी। एमएनआईटी से डिजाइन अनुमोदन मिलने के बाद 8 मार्च से सॉयल टेस्टिंग के लिए पाइलिंग कार्य शुरू किया जाएगा।
इस परियोजना का हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से ऑनलाइन उद्घाटन किया था। सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक बनने वाली इस एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य औपचारिक रूप से 5 मार्च से शुरू माना जा रहा है और इसे लगभग 30 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के एक हिस्से में द्रव्यवती नदी पड़ती है, जिसके ऊपर जेडीए स्टील ब्रिज का निर्माण करवाएगा।
वर्तमान में सांगा सेतु पुलिया, सलीम कागजी मार्ग और सांगानेर स्टेडियम मार्ग पर सुबह-शाम के समय भारी ट्रैफिक दबाव रहता है। सांगानेर थाने से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक महज 4.5 किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों को लगभग 30 मिनट तक का समय लग जाता है। एलिवेटेड रोड के निर्माण के बाद यही दूरी मात्र 9 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों के समय और ईंधन की उल्लेखनीय बचत होगी। साथ ही लगातार लगने वाले जाम से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आएगी।
सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक 4.5 किलोमीटर लंबा फोरलेन एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। दोनों दिशाओं में दो-दो लेन होंगी। पेट्रोल पंप तिराहे पर यह मार्ग दो भागों में विभाजित होगा—एक हिस्सा मालपुरा गेट की ओर जाएगा, जबकि दूसरा न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज की दिशा में जाएगा।
गोपालपुरा फ्लाईओवर से वाहन चालक दोनों दिशाओं में आवाजाही कर सकेंगे। इससे रिंग रोड और मेगा हाईवे की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा शहर के दक्षिणी हिस्से में ट्रैफिक दबाव कम होगा।
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का मानना है कि सांगानेर एलीवेटेड रोड क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी। हालांकि व्यापारियों ने आशंका जताई है कि निर्माण अवधि के लगभग 30 महीनों में व्यापार प्रभावित हो सकता है। एलिवेटेड रोड बनने के बाद जो लोग बाजार में खरीदारी के उद्देश्य से आएंगे, वे नीचे के मार्ग का उपयोग करेंगे, जिससे स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिल सकता है। वहीं जो लोग केवल आवागमन के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं, वे एलिवेटेड रोड के जरिए बिना बाधा अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे।
जोन-8 के एक्सईएन नरेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रैफिक डायवर्जन की योजना तैयार कर यातायात पुलिस को सौंपी जाएगी। डीसीपी ट्रैफिक की मंजूरी के बाद पुलिस इसे लागू करेगी। मुख्य मार्ग बंद होने की स्थिति में यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि आमजन को न्यूनतम असुविधा हो।
साथ ही डिग्गी रोड से न्यू सांगानेर रोड की 120 फीट रोड पर अवरोध हटाने के कार्य में तेजी लाई जाएगी। इस मार्ग को चौड़ा करने के लिए रेलवे से भूमि हस्तांतरण को लेकर वार्ता जारी है। अवरोध हटाने और भूखंड मालिकों को जमीन आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जेडीसी ने भी अधिकारियों को कार्य में गति लाने के निर्देश प्रदान किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

