सरकार ने पांच गुना तक बढ़ाई लाइसेंस फीस, अब जिम, ब्यूटी पार्लर, बेकरी-होटल चलाना हुआ महंगा
जयपुर, 26 मई (हि.स.)। प्रदेश में सरकार ने होटल, रेस्टोरेंट समेत अन्य बिजनेस के लिए हर साल ली जाने वाली लाइसेंस फीस (ट्रेड लाइसेंस फीस) बढ़ा दी है। इसमें जिम, ब्यूटी पार्लर, चाय, फास्ट फूड की मोबाइल शॉप, मिठाई की दुकान, बेकरी समेत अन्य व्यवसाय शामिल है। साल 2017 के बाद सरकार ने इन लाइसेंस फीस में बदलाव किया है। इसमें से कुछ व्यवसाय की ट्रेड लाइसेंस फीस 5 गुना तक बढ़ा दी गई।
स्वायत्त शासन विभाग द्वारा मंगलवार को जारी नई रेट लिस्ट के मुताबिक 50 कमरों तक के होटलों के लिए अब लाइसेंस फीस 15 से लेकर 25 हजार रुपये तक हो गई। ये फीस नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्र में अलग-अलग है। इसी तरह 51 से 100 कमरों तक के होटल के लिए फीस 30 से 50 हजार, 100 से 150 कमरों वाले होटल के लिए 70 हजार से 1 लाख रुपये और 150 से ज्यादा कमरे वाले होटल संचालकों के लिए 1 से 1.5 लाख रुपये लाइसेंस फीस कर दी है। गैस युक्त शीतल पेय (सोडा शॉप) संचालकों के लिए सरकार ने लाइसेंस फीस नगर पालिका क्षेत्र में 600 रुपये, नगर परिषद क्षेत्र में 700 रुपये और नगर निगम क्षेत्र में 1 हजार रुपये निर्धारित किया है। जिम चलाने के लिए ये शुल्क (नगर पालिका, नगर परिषद, नगर निगम) 3 हजार, 3500 रुपए और 5 हजार रुपये निर्धारित की है। जबकि साल 2017 में शुल्क 500, 1000 और 2000 रुपए था। ब्यूटी पार्लर संचालकों के लिए शुल्क बढ़ाकर अब 1500, 1700 और 2000 रुपये कर दिए है। साल 2017 में से शुल्क 250, 500 और 1000 रुपये था। चाय, पकौड़ी, फास्ट-फूड आदि स्ट्रीट फूड (मोबाइल वाहन शॉप) के लिए ट्रेड लाइसेंस फीस को बढ़ाकर अब 1500, 2000 और 3000 रुपये कर दी है। जबकि इससे पहले ये फीस 500 रुपये, 1 हजार और 2 हजार रुपये थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

