समकालीन मीडिया रुझान : अवसर और चुनौतियों पर एक दिवसीय सेमिनार शनिवार को

WhatsApp Channel Join Now
समकालीन मीडिया रुझान : अवसर और चुनौतियों पर एक दिवसीय सेमिनार शनिवार को


जयपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय द्वारा राजस्थान उच्च एवं तकनीकी शिक्षा गुणवत्ता सुधार योजनांतर्गत शनिवार को एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। सेमिनार का विषय समकालीन मीडिया रुझान: अवसर और चुनौतियां है। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर नंद किशोर पाण्डेय करेंगे। सेमिनार को दो अकादमिक सत्रों में विभाजित किया गया है, जिनमें प्रिंट,डिजिटल और अकादमिक क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न विशेषज्ञ एवं अतिथि सहभागिता करेंगे। ये सभी अपने-अपने क्षेत्र के अनुभवों,समकालीन चुनौतियों और उभरते अवसरों पर विस्तार से विचार व्यक्त करेंगे।

सेमिनार के बारे में जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर नंद किशोर पाण्डेय ने बताया कि समकालीन मीडिया परिदृश्य तीव्र गति से बदल रहा है। जहाँ डिजिटल प्लेटफॉर्म,आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया ने पत्रकारिता की कार्यशैली को व्यापक रूप से प्रभावित किया है। ऐसे समय में मीडिया विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए यह आवश्यक है कि वे बदलते रुझानों, नैतिक चुनौतियों और व्यावसायिक अवसरों को गंभीरता से समझें। सेमिनार की रूपरेखा साझा करते हुए कार्यक्रम के संयोजक डॉ. रत्न सिंह शेखावत ने बताया सेमिनार के प्रथम सत्र में समकालीन मीडिया रुझानों एवं भाषा पत्रकारिता पर चर्चा होगी, जबकि द्वितीय सत्र में सरकारी संचार तंत्र, डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म और न्यूज एंकरिंग के बदलते आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story