सनातन वर्ग की मेधावी छात्राओं को मिलेगा 10-10 हजार रुपये का शिक्षा प्रोत्साहन पुरस्कार
बीकानेर, 06 अगस्त (हि.स.)। शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाशाली छात्राओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सनातन वर्ग की छात्राओं के लिए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विशेष शिक्षा प्रोत्साहन पुरस्कार योजना की घोषणा की गई है। योजना के तहत आठवीं अथवा माध्यमिक (सेकेंडरी) बोर्ड परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाली पात्र छात्राओं में से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली दो छात्राओं को 10-10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
आयाेजक डॉ. एम.एम. बागड़ी ने बताया कि इस पुरस्कार के लिए केवल वही छात्राएं पात्र होंगी जिन्होंने संबंधित बोर्ड परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। साथ ही किसी भी विषय में ग्रेस अंक के आधार पर उत्तीर्ण छात्रा इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होगी। प्राप्त सभी आवेदनों का परीक्षण करने के बाद सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली दो छात्राओं का चयन किया जाएगा तथा उन्हें एक सम्मान समारोह में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक एवं पात्र छात्राएं अपना आवेदन 30 अगस्त 2026 तक प्रस्तुत कर सकती हैं। आवेदन के साथ बोर्ड परीक्षा की अंकतालिका (मार्कशीट) की प्रति, छात्रा का नाम, अभिभावक का नाम, पूर्ण पता, मोबाइल नंबर, बैंक खाता संख्या, खातेधारक का नाम तथा अन्य आवश्यक विवरण संलग्न करना अनिवार्य होगा।
आवेदन मुख्य ट्रस्टी डॉ. एम.एम. बागड़ी, बागड़ी हॉस्पिटल, पटेल नगर, बीकानेर के नाम संबोधित प्रार्थना पत्र के माध्यम से जमा किए जाएंगे।
आयोजकों ने पात्र छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह करते हुए कहा है कि इस प्रकार के शिक्षा प्रोत्साहन पुरस्कारों का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्राओं का उत्साहवर्धन करना तथा उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करना है। अधिकाधिक योग्य छात्राएं इस अवसर का लाभ उठाएं।
योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए व्हाट्सएप मोबाइल नंबर 9829173109 पर संपर्क किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

