संविधान हमारा राष्ट्रीय धर्म और कर्तव्यबोध का आधुनिक स्वरूप है: कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल
अजमेर, 26 नवम्बर(हि.सं.)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में संविधान दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के संविधान पार्क में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो.सुरेश कुमार अग्रवाल ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन करवाया तथा संविधान के आदर्शों, मूल्यों एवं मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. अग्रवाल ने कहा कि संविधान केवल हमारे राष्ट्र के नियमों का संकलन नहीं है, बल्कि यह हमारा राष्ट्रीय धर्म है। भारतीय परंपरा में धर्म का अर्थ किसी पंथ विशेष से नहीं, बल्कि कर्तव्यबोध से रहा है। संविधान इसी कर्तव्यबोध का आधुनिक स्वरूप है, जो हमें राष्ट्र, समाज, स्वयं तथा अन्य नागरिकों के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य केवल एकत्रित होकर संविधान को याद करना नहीं, बल्कि उसके आदर्शों के प्रति स्वयं को समर्पित करना है। हमें राष्ट्र और समाज के प्रति सामूहिकता की भावना को संविधान के माध्यम से सुदृढ़ एवं एकीकृत करने का संकल्प लेना चाहिए।
कुलगुरु ने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि संविधान लागू होने के समय कुछ विचारधाराओं द्वारा इसका विरोध भी किया गया था। डॉ. अंबेडकर ने ऐसे विरोधों का उत्तर देते हुए लोकतंत्र की महत्ता और उसकी आवश्यकता को रेखांकित किया था। उन्होंने संविधान में एक सशक्त केंद्र की परिकल्पना के पीछे राष्ट्रीय एकीकरण की दूरदर्शी सोच को भी स्पष्ट किया था। कुलगुरु ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की यह दूरदर्शिता भारतीय संघ की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
उन्होंने भारतीय संस्कृति की सहिष्णु एवं समावेशी परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय चिंतन में विरोधी विचारों को भी सम्मान देने की परंपरा रही है। इस संदर्भ में उन्होंने महर्षि चार्वाक का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति ने भिन्न विचारधारा रखने वाले चिंतकों को भी सम्मान प्रदान किया। हमें विरोध के प्रति असहिष्णुता के स्थान पर आदर और संवाद का भाव रखना चाहिए, ताकि समाज में सामूहिकता एवं सकारात्मक विचार-विमर्श की संस्कृति विकसित हो सके।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों से आह्वान किया कि वे संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी उपस्थित सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया। इसके पश्चात मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ ली गई, जिसमें संविधान एवं उसके आदर्शों, राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करने, राष्ट्रीय आंदोलन के उच्च आदर्शों को आत्मसात करने, राष्ट्र की प्रभुता, एकता एवं अखंडता की रक्षा करने, सामाजिक समरसता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने, महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध प्रथाओं का त्याग करने, सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यावरण का संरक्षण करने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने तथा हिंसा से दूर रहने का संकल्प लिया गया। साथ ही 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के दायित्व के प्रति भी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के अंबेडकर चेयरपीठ के निदेशक प्रो. शिव प्रसाद ने विषय प्रवर्तन करते हुए संविधान दिवस के महत्व एवं भारतीय लोकतंत्र में संविधान की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त संकायों के विभागाध्यक्ष, अतिथि शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

