शिक्षक गुरु प्रसाद का निलंबन वापस लेने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक गुरु प्रसाद का निलंबन वापस लेने की मांग


धौलपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने गुरु प्रसाद के निलंबन को तत्काल एवं अविलंब वापस लेने की मांग की है। इस संबंध में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर धौलपुर जिला इकाई के बैनर तले सोमवार को जिले के शिक्षकों ने कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सोंपा।

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री, केरल के राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेज गए हैं। ज्ञापन में केरल के कासरगोड जिले के कुंबला सब-डिस्ट्रिक्ट में आयोजित विद्यालयी क्विज में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर से संबंधित प्रश्न पूछे जाने पर शिक्षक गुरु प्रसाद के निलंबन को तत्काल एवं अविलंब वापस लेने की मांग की गई। शर्मा ने बताया कि सावरकर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक व्यक्तित्व हैं। उनके क्रांतिकारी जीवन, ब्रिटिश शासन द्वारा दिए गए कठोर दंड तथा अंडमान की सेलुलर जेल में उनके कारावास का अध्ययन इतिहास का स्वाभाविक हिस्सा है। सावरकर पर प्रश्न पूछना न अपराध है, न अनुशासनहीनता और न किसी राजनीतिक मत का प्रचार। उनके विचारों से सहमति-असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी ऐतिहासिक व्यक्तित्व को इतिहास से बाहर नहीं किया जा सकता। शैक्षिक महासंघ के प्रदर्शन में जिला मंत्री नवनीत प्रिय त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शैक्षिक महासंघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story