शिक्षकों ने की मूल्यांकन के भुगतान की मांग, ज्ञापन सौंपा
जोधपुर, 04 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) जोधपुर के जिला अध्यक्ष भरत सिंह चौधरी और जिला मंत्री सुभाष विश्नोई के साथ प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक शिक्षा जोधपुर को ज्ञापन सौंप कर सत्र 2025-2026 की माध्यमिक व उच्च माध्यमिक परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन का भुगतान अति शीघ्र करवाए जाने की मांग की।
इस संदर्भ में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक शिक्षा जोधपुर कमल व्यास ने आश्वासन दिया कि अगले एक सप्ताह में मूल्यांकन मानदेय संबंधित शिक्षकों के अकाउंट में डाल दिया जाएगा, इसलिए उन्होंने मूल्यांकन केंद्र नवीन उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं प्रभारी सरला रत्नू को इस निर्देश दे दिए हैं।
अतिरिक्त जि़ला शिक्षा अधिकारी कमल व्यास ने बताया कि मूल्यांकन केंद्र प्रभारी को 21 लाख 35 हजार का भुगतान उनके अकाउंट में अप्रैल 2026 में ही कर दिया गया है और उनको यह निर्देश भी दे दिया है कि सप्ताह भर में ही संबंधित वीक्षक को उनके अकाउंट में पेमेंट डाल दिया जाएगा।
ज्ञातव्य है कि सत्र 2024-25 के मूल्यांकन का भुगतान वर्ष भर भी नहीं हुआ था, जिससे शिक्षकों में भारी रोष बना हुआ था, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) जोधपुर के प्रयासों से पिछले सत्र का भी भुगतान समय पर नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी के पश्चात भुगतान हुआ। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष रूपा राम खोजा, जि़ला सभाध्यक्ष कुलदीप गोदारा, महानगर अध्यक्ष ओम प्रकाश जाखड़, संजीव व्यास, भैरा राम दुकतावा उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

