शादी के नेग को लेकर किन्नरों के दो गुट भिड़े, सड़क पर मचा बवाल: खड़ी गाड़ियों में की तोड़फोड़, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

WhatsApp Channel Join Now
शादी के नेग को लेकर किन्नरों के दो गुट भिड़े, सड़क पर मचा बवाल: खड़ी गाड़ियों में की तोड़फोड़, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना


जोधपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। शहर के शास्त्री नगर ए सेक्टर में रविवार दोपहर शादी के नेग को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सड़क पर तोड़फोड़ और हंगामे तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच पहले जमकर कहासुनी हुई और इसके बाद एक गुट ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उनमें तोड़फोड़ कर दी। अचानक हुए इस हंगामे से इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी बचते नजर आए।

घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में एक विवाह समारोह था। इसी दौरान विवाह समारोह स्थल के बाहर नेग और क्षेत्राधिकार को लेकर किन्नरों के दो गुटों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया।

विवाद के दौरान एक गुट के किन्नरों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बना लिया। आरोप है कि गाड़ियों में टक्कर मारकर उनके शीशे और दरवाजों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक गुट के लोग गाड़ियों को टक्कर मारते हुए और वहां से भागते नजर आ रहे हैं।

सरेआम वाहनों में तोड़फोड़ से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को देखकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश नजर आया।

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक विवाद में शामिल एक गुट वहां से निकल चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

शास्त्री नगर थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तोड़फोड़ करने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ ही विवाद की वास्तविक वजह और नुकसान का भी आकलन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781396 Articles

Share this story