शहर में लोहड़ी पर्व की धूम, मकर संक्रांति बुधवार को

WhatsApp Channel Join Now
शहर में लोहड़ी पर्व की धूम, मकर संक्रांति बुधवार को


जोधपुर, 13 जनवरी (हि.स.)। मकर संक्रांति बुधवार को मनाई जाएगी। इससे पहले शहर में पंजाबी और सिख समाज की ओर से लोहड़ी पर्व उत्सव मंगलवार को मनाया गया। शाम को सूर्यास्त के बाद अलाव जलाकर तिल, गुड़, मूंगफली और मक्का जैसी चीजें अर्पित की गई नई फसल और समृद्धि का प्रतीक के रूप में भांगड़ा करते हुए उत्सव मनाया गया।

पंजाबी समाज का लोहड़ी पर्व सुहागिनों की ओर से पौराणिक रीति-रिवाज के साथ परिवार में मिठास, खुशहाली और सौहार्द लाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। मकर संक्रांति बुधवार को मनाई जाएगी, लेकिन पंजाबी और सिख समाज में लोहड़ी को लेकर आयोजन शुरू हो गए हैं। रात को सामूहिक लोहड़ी उत्सव मनाया गया। समाज के अध्यक्ष विरेंद्र त्रेहान ने बताया कि बासनी स्थित कंकूदीप गार्डन को रंगीन रोशनी से सजाते हुए गोकाष्ठ सहित लकडिय़ों से लोहड़ी तैयार की गई। समाजबंधुओं सहित माली ग्रुप भटिंडा और कोहिनूर ग्रुप भांगड़ा ने प्रस्तुतियां दीं। स्टैंडअप कॉमेडियन जसप्रीत सिंह के गीतों पर समाजबंधु झूमते नजर आए। आयोजन में शहर के जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी शामिल हुए। स्टैंडअप कॉमेडियन जसप्रीत सिंह ने प्रस्तुतियां दी।

बुधवार दोपहर होगी पुण्यकाल की शुरुआत

बुधवार को दोपहर 3.13 बजे सूर्य धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेंगे और पुण्यकाल की शुरुआत होगी। शास्त्रों के अनुसार संक्रांति लगने के 8 घंटे पहले और 8 घंटे बाद तक का समय पुण्यकाल माना जाता है। बुधवार को संक्रांति पर पूरे दिन दान-पुण्य का दौर रहेगा। हालांकि गुरुवार दोपहर 1.09 बजे तक भी पुण्यकाल माना जा रहा है। एक माह तक चलने वाले मळमास का भी समापन होगा, लेकिन शुक्र अस्त रहने से इन दिनों विवाह-शुभ कार्यों की शुुरुआत नहीं होगी। दो फरवरी को शुक्र उदय होने के बाद विवाह शुभ कार्य शुरू हो सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story