शनिवार से बदलेगा मौसम, दो दिन 15 से अधिक शहरों में आंधी-बारिश संभव
जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में नया पश्चिम विक्षोभ एक्टिव होगा। इससे 14 व 15 नवम्बर को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला नजर आएगा। इस दौरान करीब 15 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी भी चल सकती है। इसके बाद प्रदेश में सर्दी में इजाफा देखने को मिलेगा। प्रदेश के 10 शहरों का रात का पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 11.6 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही।
मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौडग़ढ़, चूरू, सीकर, डबोक, माउंट आबू, फतेहपुर सहित अन्य कई शहरों का रात का पारा 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 36.3 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 21.4 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। जयपुर के दिन और रात के पारे में उछाल देखा गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री दर्ज किया गया। वेस्टर्न डिस्र्टबेंस के असर से बीकानेर संभाग के एरिया में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश का भी अलर्ट है। मौसम के इस बदलाव के बाद 16 नवंबर से राजस्थान में सर्दी बढऩे की संभावना है। इस दौरान तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। रेगिस्तानी जिलों में नवंबर के करीब दो सप्ताह बीतने के बाद भी दिन में तेज गर्मी है। वहीं, शेखावाटी के सीकर, फतेहपुर, चूरू, पिलानी के तापमान में गिरावट होने से सर्दी बढ़ गई।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 नवंबर को जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने व मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 किलाेमीटर प्रतिघंटा के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 15 नवंबर को बीकानेर संभाग के उत्तरी भागों व शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। राज्य के कुछ भागों में 16 नवंबर से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने प्रबल संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

