विशेष अभियान में आबकारी विभाग ने किए 906 मामले दर्ज
जयपुर, 10 मई (हि.स.)। प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई की गई है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर 1 से 9 मई 2026 तक प्रदेशभर में नाकाबंदी, गश्त और दबिश देकर 906 प्रकरण दर्ज किए गए तथा 290 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार अभियान के दौरान करीब 10.19 लाख रुपये मूल्य की 3799 लीटर देशी शराब, 9.24 लाख रुपये की 926 लीटर विदेशी शराब, 3.18 लाख रुपये की 1443 लीटर बीयर और 6255 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। इसके अलावा 2 लाख 36 हजार 282 लीटर वॉश नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान 8 बड़े वाहन, 2 हल्के चार पहिया वाहन और 23 दुपहिया वाहन सहित कुल 33 वाहन जब्त किए गए।
जयपुर शहर दक्षिण आबकारी टीम ने आरपीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई कर गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से हरियाणा बिक्री हेतु चिह्नित 28 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। बांसवाड़ा के कुशलगढ़ क्षेत्र में दबिश देकर 20 पव्वे अंग्रेजी शराब, 15 बोतल हथकड़ शराब जब्त कर एक हजार लीटर वॉश नष्ट किया गया।
सिरोही में 250 लीटर वॉश और शराब बनाने के उपकरण नष्ट किए गए, जबकि 4 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद हुई। अलवर पूर्व ईपीएफ टीम और रेलवे पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में हरियाणा निर्मित 35 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की। भीलवाड़ा के मांडलगढ़ क्षेत्र में 4 हजार लीटर वॉश नष्ट कर 209 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। पाली में 1500 लीटर वॉश और चार पुरानी भट्टियां नष्ट की गईं, वहीं 8 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
कोटा में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने बताया कि प्रदेशभर में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

