लाठीचार्ज के खिलाफ जोधपुर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
लाठीचार्ज के खिलाफ जोधपुर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन


जोधपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स पर हुई लाठीचार्ज व पुलिस की कार्रवाई का विरोध जोधपुर में भी लगातार किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज कलेक्ट्रेट के बाहर फिर अलग-अलग संगठनों से जुड़े युवाओं द्वारा प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस ने पीछे धकेला। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई।

दरअसल नीट पेपर लीक एवं दिल्ली में लाठीचार्ज के विरोध व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के समर्थन में विभिन्न जगह प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को जोधपुर में छात्रों के संगठन ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने नारेबाजी की। छात्रों ने नीट पेपर लीक प्रकरण में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस ने पीछे धकेला। इस दौरान कार्यकर्ता और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की होती नजर आई। करीब एक घंटे तक युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि जंतर मंतर के बाद छात्रों पर लाठीचार्ज की जिम्मेदारी गृह मंत्री अमित शाह को लेनी होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो जारी कर कह रहे हैं कि मामला गंभीर है। सरकार कठोर कानून उठा रही है, लेकिन शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं ले रहे हैं, जो बहुत गलत है। शिक्षा मंत्री प्रधान की जिम्मेदारी तय कर उनको हटाना ही होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story