रेलवे पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स के लिए गुरुवार को 50 स्थानों पर आयोजित होंगे मेगा कैंप
जयपुर, 04 नवंबर (हि.स.)।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेलवे पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स की सुविधा के लिए 05 नवम्बर को उत्तर पश्चिम रेलवे के 50 रेलवे स्टेशनों एवं विभिन्न निर्धारित स्थानों पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान के अंतर्गत मेगा कैंप आयोजित किए जाएंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, इन मेगा कैंपों का मुख्य उद्देश्य रेलवे पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाने की सुविधा उपलब्ध कराना तथा इस प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं परेशानी रहित बनाना है। इन शिविरों में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पेंशनर्स को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
ये मेगा कैंप रेलवे मुख्यालय, जवाहर सर्किल, जयपुर, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जयपुर एवं बीकानेर, केंद्रीय रेलवे अस्पताल, जयपुर, रेलवे अस्पताल, अजमेर तथा गांधीनगर रेलवे स्टेशन, जयपुर के अतिरिक्त अजमेर, बीकानेर, हिसार, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, चूरू, रेवाड़ी, भिवानी, भीलवाड़ा, आबू रोड, सादुलपुर, रतनगढ़, लोहारू, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, सिरसा, बांदीकुई, लालगढ़, सरदारशहर, नोखा, कोलायत एवं ओसियां सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा समस्त रेलवे पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स से अपील की जाती है कि वे इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा अपने नजदीकी निर्धारित मेगा कैंप स्थल पर पहुंचकर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाएं।
उत्तर पश्चिम रेलवे अपने पेंशनर्स को बेहतर, सुगम एवं डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। डीएलसी 5.0 अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

