रामदेवरा के लिए सुगम हुई राह, स्पेशल ट्रेनों का संचालन कल से

WhatsApp Channel Join Now
रामदेवरा के लिए सुगम हुई राह, स्पेशल ट्रेनों का संचालन कल से


भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच दो और श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच एक जोड़ी सेवा

जोधपुर, 10 सितम्बर (हि.स.)। रामदेवरा मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें और शुरू करने का फैसला किया है। 11 सितंबर से भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच दो जोड़ी और 12 सितंबर से श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलेगी। तीनों जोड़ी ट्रेनें 15-15 ट्रिप करेंगी।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार ट्रेन संख्या 04863/04864 और 04865/04866 भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच 11 से 25 सितंबर तक संचालित होंगी। वहीं ट्रेन संख्या 04863 भगत की कोठी से सुबह 6.15 बजे रवाना होकर 10.30 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में 04864 रामदेवरा से सुबह 11 बजे रवाना होकर दोपहर 3 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इसी तरह 04865 भगत की कोठी से शाम 4 बजे रवाना होकर रात 9.20 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में 04866 रामदेवरा से रात 10 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 2 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। वर्तमान में एक जोड़ी मेला स्पेशल का जोधपुर-रामदेवरा स्टेशनों के बीच संचालन किया जा रहा है।

दोनों जोड़ी ट्रेनों का ठहराव जोधपुर, राईका बाग, महामंदिर, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। रामदेवरा मेले के मद्देनजर ट्रेन संख्या 04741/04742 श्रीगंगानगर-पोकरण मेला स्पेशल 12 से 26 सितंबर तक चलेगी। श्रीगंगानगर से सुबह 10.15 बजे रवाना होकर शाम 7.50 बजे पोकरण पहुंचेगी।ट्रेन फलोदी स्टेशन पर शाम 6.35 बजे आकर 6.40 बजे प्रस्थान करेगी।

वापसी में पोकरण से रात 8.45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7.50 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी। ट्रेन फलोदी स्टेशन पर रात 10 बजे आकर 10.05 बजे रवाना होगी। ट्रेन में 15 साधारण और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 17 कोच होंगे। रेलवे के अनुसार इन स्पेशल ट्रेनों से नियमित ट्रेनों पर यात्री दबाव कम होगा और रामदेवरा मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story