रात में भी भट्टी की तरह तप रहा जोधपुर, पारा 46 पर

WhatsApp Channel Join Now
रात में भी भट्टी की तरह तप रहा जोधपुर, पारा 46 पर


Rजोधपुर, 14 मई (हि.स.)। जोधपुर शहर में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। लू का अलर्ट भी जारी किया गया है। गर्मी के कारण अब दिन के साथ रात को भी आराम नहीं मिल रहा है। रात को भी शहर भट्टी की तरह तप रहा है। देर रात तक गर्म हवाओं का असर रहता है।

जोधपुर शहर में आज दिन के समय का तापमान 46 डिग्री के समीप दर्ज किया गया। वहीं तेज उमस और गर्मी की वजह से लोग भी काफी परेशान नजर आए और लोग गर्मी से बचने को लेकर तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। शहर में हीटवेव की आशंका के चलते गर्मी के तेवर तीखे रहने की संभावना मौसम केंद्र ने जताई है। ऐसे में अब मई माह के शेष दिनों में आसमान से अंगारे बरसने और भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

आने वाले दिनों में तेज गर्मी के साथ लू का दौर भी जारी रहेगा। चिकित्सकों ने बचाव के लिए सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है। बाहर निकलने पर छाते का उपयोग करें या सिर व बदन को ढंककर रखें। पर्याप्त मात्रा में ठंडा जल, शीतल पेय, छाछ और फलों का रस पीते रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story