राज्य सरकार जानबूझकर कर टाल रही पंचायत और निकाय चुनाव- डोटासरा

WhatsApp Channel Join Now
राज्य सरकार जानबूझकर कर टाल रही पंचायत और निकाय चुनाव- डोटासरा


राज्य सरकार जानबूझकर कर टाल रही पंचायत और निकाय चुनाव- डोटासरा


जयपुर/ब्यावर, 02 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत गुरुवार को ब्यावर में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा को प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

डोटासरा ने अपने संबोधन में कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी पार्टी की ताकत होता है और कांग्रेस ने आजादी से लेकर देश निर्माण तक अपनी अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज संविधान की पालना नहीं हो रही है और लोकतंत्र पर लगातार प्रहार हो रहे हैं। डोटासरा ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान ने सभी वर्गों को समान अधिकार दिए, लेकिन वर्तमान हालात में इन अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।

डोटासरा ने कहा कि पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनाव समय पर नहीं कराना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर चुनाव टाल रही है, क्योंकि उसे हार का डर है। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू द्वारा 1959 में राजस्थान में पंचायती राज की स्थापना और राजीव गांधी द्वारा 73वें व 74वें संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि इन प्रावधानों के तहत चुनाव समय पर कराना अनिवार्य है।

प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का गठन भी अलोकतांत्रिक तरीके से हुआ और वर्तमान में भी सरकार जनहित के कार्यों में विफल रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्य ठप हैं और कांग्रेस शासनकाल की योजनाओं को आगे नहीं बढ़ाया गया।

डोटासरा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर किसानों, गरीबों और छोटे व्यापारियों के बीच पहुंचें और उनके हक-अधिकारों की लड़ाई में साथ खड़े हों। उन्होंने कहा कि जनता के बीच सक्रिय रहकर ही पार्टी मजबूत होगी।

डोटासरा ने विश्वास जताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता के बल पर वर्ष 2028 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

जनसभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आमजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story