राज्यपाल ने किया श्री खोले के हनुमान जी हनुमत धाम का परिचय ब्रोशर का विमोचन

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने किया श्री खोले के हनुमान जी हनुमत धाम का परिचय ब्रोशर का विमोचन


जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। छोटी काशी जयपुर के सुप्रसिद्ध आस्था केंद्र श्री खोले के हनुमान जी मंदिर, नरवर आश्रम की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और सेवा प्रकल्पों की जानकारी अब एक विशेष परिचय ब्रोशर के जरिए श्रद्धालुओं और आमजन तक पहुंचेगी। मंदिर की महिमा को जन-जन से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किए गए 'श्री खोले के हनुमान जी हनुमत धाम का परिचय' ब्रोशर का विमोचन राज्यपाल हरिभाऊ बागडे द्वारा किया गया।

विमोचन समारोह के दौरान नरवर आश्रम सेवा समिति के पदाधिकारियों ने राज्यपाल हरिभाऊ बागडे को शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया तथा उन्हें बालाजी महाराज का प्रसाद अर्पित किया। समिति के सदस्यों ने राज्यपाल को मंदिर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, धार्मिक महत्व और परिसर में निरंतर चलने वाले जनकल्याणकारी कार्यों से अवगत कराया।

समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि खोले के हनुमान जी मंदिर जयपुर ही नहीं, बल्कि समूचे राजस्थान के भक्तों की अटूट आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु सुख-समृद्धि की कामना लेकर दर्शनार्थ पहुंचते हैं। मंदिर में भक्ति के साथ-साथ मानव सेवा के अनेक प्रकल्प संचालित हो रहे हैं। इस नए ब्रोशर के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले दर्शनार्थी हनुमत धाम की विशेषताओं और सेवा गतिविधियों को करीब से जान सकेंगे।

इस अवसर पर राज्यपाल बागडे ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आगामी 29 नवंबर को होने वाले भव्य लक्खी अन्नकूट महोत्सव के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन हमारी भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम हैं।

उल्लेखनीय है कि 29 नवंबर को खोले के हनुमान जी मंदिर में विशाल लक्खी अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होगा। इसमें लाखों की तादाद में श्रद्धालुओं के उमड़ने का अनुमान है। भक्तों की सुविधा और अन्नकूट प्रसादी के सुचारू वितरण के लिए मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story