राजस्थान विधानसभा में शिक्षा मंत्री के बयान पर हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान विधानसभा में शिक्षा मंत्री के बयान पर हंगामा


जयपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर शिक्षा मंत्री के जवाब से नाराज कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया। हालात ऐसे बने कि स्पीकर को सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

सीकर जिले में खेल मैदान से जुड़े मुद्दे पर कांग्रेस विधायक राजेंद्र पारीक ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा था। इस पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जवाब देते हुए टिप्पणी की कि आप उसी जगह क्यों चाहते हो? क्या उस पर आपके चहेतों की नजर है? मंत्री के इस बयान से सदन में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। राजेंद्र पारीक ने पलटवार करते हुए कहा कि ऐसा जवाब अस्थिर मानसिकता वाला व्यक्ति ही दे सकता है। इसके बाद कांग्रेस विधायक वेल में पहुंच गए और शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच स्पीकर ने दोपहर 1 बजकर 35 मिनट तक के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी। कार्यवाही पुनः शुरू होने पर ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की अनुदान मांगें सदन में रखी गईं और इस पर बहस प्रारंभ हुई।

इससे पहले प्रश्नकाल के दौरान पशुधन बीमा योजना को लेकर भी सदन में हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी के प्रश्न पर पशुपालन मंत्री के जवाब से विपक्ष असंतुष्ट दिखा। हरीश चौधरी द्वारा की गई टिप्पणी पर भाजपा विधायकों और मंत्रियों ने आपत्ति जताई, जिससे सदन में एक बार फिर शोर-शराबे की स्थिति बन गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story