राजस्थान रंगों में सराबोर: धुलंडी पर परंपरा, उत्साह और पर्यटन का हुआ संगम
जयपुर, 03 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में आज धुलंडी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रदेशभर में सड़कों पर युवाओं की टोलियां निकलीं, डीजे की धुन पर लोग झूमते नजर आए और मंदिरों से लेकर होटलों तक रंगोत्सव की धूम रही।
भरतपुर जिले के भुसावर कस्बे में 200 साल पुरानी परंपरा ‘बिन दुल्हन की बारात’ निकाली गई। खिरखारी मोहल्ले से शुरू हुई बारात में दूल्हे को पारंपरिक वेशभूषा में ऊंट पर बैठाया गया। बैंड-बाजे और होली गीतों के बीच यह बारात प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जैन मंदिर पहुंची। लोगों ने जगह-जगह रंग-गुलाल से स्वागत किया।
जयपुर के खासा कोठी होटल परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से विशेष होली उत्सव आयोजित किया गया।
यहां 25 से अधिक देशों से आए पर्यटकों ने डीजे और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच रंगों का आनंद लिया। विदेशी मेहमान बॉलीवुड और पंजाबी गीतों पर थिरकते नजर आए।
कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आमजन के साथ होली खेली। गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर के पुराने शहर में लोगों को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं। अलवर के कंपनी बाग में वन मंत्री संजय शर्मा ने आम लोगों के साथ डांस किया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कोटा के छात्रावास में बच्चों के साथ फाग गीत गाकर होली मनाई।
जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर में सुबह से भक्तों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर में तड़के विधि-विधान से होलिका दहन हुआ, जिसके बाद पूरे नगर में उत्सव शुरू हुआ।
सलूंबर जिले के गामड़ा पाल गांव में दिन के समय होलिका दहन की परंपरा निभाई गई। यहां आसपास के 12 से अधिक गांवों के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। पुरुष हाथों में तलवार लेकर नाचते-गाते पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा। जोधपुर, जैसलमेर, झुंझुनूं, पाली और बाड़मेर समेत कई जिलों में डीजे, चंग और ढोल की थाप पर लोग रंगों में सराबोर दिखे।
मंडावा में विदेशी सैलानियों ने स्थानीय लोगों के साथ होली खेली।
मुख्यमंत्री आवास पर होली बुधवार को खेली जाएगी। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक शुभकामनाएं देने का समय निर्धारित किया गया है। धुलंडी के अवसर पर प्रदेशभर में शांति और सौहार्द का माहौल रहा। प्रशासन की सतर्कता के बीच रंगों का यह पर्व परंपरा और आधुनिकता के संगम के रूप में मनाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

