राजस्थान में सर्दी ने पकड़ा जोर, फतेहपुर 5.5 डिग्री के साथ सबसे ठंडा, 14 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में सर्दी ने पकड़ा जोर, फतेहपुर 5.5 डिग्री के साथ सबसे ठंडा, 14 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे


जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तरी भारत से आ रही सर्द हवाओं ने राजस्थान में ठिठुरन बढ़ा दी है। प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को प्रदेश के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे कम दर्ज किया गया। सीकर जिले के फतेहपुर में 5.5 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश की सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में विशेषकर उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में सर्दी बढ़ने की संभावना जताई है।

शुक्रवार को फतेहपुर के अलावा सीकर में 6.5, माउंट आबू और नागौर में 7.9, भीलवाड़ा में 8.3, सिरोही में 9.1, वनस्थली में 9.2, चूरू, चित्तौड़गढ़ और अलवर में 9.4, डबोक में 9.6 तथा पिलानी और करौली में 9.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पाली में रात का तापमान 10 डिग्री रहा। तापमान में गिरावट के चलते शेखावाटी सहित प्रदेश के कई इलाकों में रात और सुबह ठिठुरन बढ़ गई है।

शुक्रवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में भी दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट आई। यहां अधिकतम तापमान 27.7 और न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री और राज्य के शेष अधिकांश हिस्सों में 10 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 21 और 22 नवंबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। आगामी एक सप्ताह में उत्तरी राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है, जबकि दक्षिणी राजस्थान में अपेक्षाकृत कम ठंड रहने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story