राजस्थान में अक्टूबर में गर्मी बढ़ने का अंदेशा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में अक्टूबर में गर्मी बढ़ने का अंदेशा


जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में इस बार कम बारिश के असर से अक्टूबर की शुरुआत में भी प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के समय तेज गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर में दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं, बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को मौसम साफ रहा। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा, जबकि रात के समय हल्की ठंडक महसूस हुई। शेखावाटी क्षेत्र के साथ उदयपुर और सिरोही में रात का तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस या इसके आसपास मापा गया। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई पश्चिमी जिलों में दिन का तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पिलानी, चूरू, श्रीगंगानगर, जैसलमेर और फलोदी में गर्मी का असर अधिक रहा। फलोदी में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

बुधवार दोपहर बाद राजसमंद जिले के कुछ क्षेत्रों में बादल छाए और हल्की बारिश हुई।

आमेट में 16 मिलीमीटर बारिश मापी गई। इससे पहले 29 सितंबर शाम से 30 सितंबर सुबह तक बूंदी और टोंक जिले के कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। बूंदी के नैनवां में 68 मिलीमीटर और टोंक के चांदसेन में 65 मिलीमीटर बारिश मापी गई।

मौसम केन्द्र नई दिल्ली की ओर से जारी अक्टूबर के पूर्वानुमान के अनुसार इस महीने राजस्थान में तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी रह सकती है।

विशेष रूप से रात के समय कई इलाकों में सामान्य दिनों की तुलना में कम ठंडक रहने का अनुमान है। ऐसे में अक्टूबर की शुरुआत में ही गर्मी का असर बने रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। इसके विपरीत राजस्थान के शेष हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने का पूर्वानुमान है। ऐसे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अक्टूबर के दौरान मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story