राजस्थान पुलिस में तकनीकी संवर्ग का हुआ पुनर्गठन

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान पुलिस में तकनीकी संवर्ग का हुआ पुनर्गठन


जयपुर, 25 जून (हि.स.)। राजस्थान पुलिस के तकनीकी संवर्ग में वर्षों से लंबित पदोन्नति की समस्या के समाधान की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर चालक,घुड़सवार और बैंड शाखाओं में कैडर पुनर्गठन करते हुए 403 पदों को उच्च पदों में परिवर्तित किया गया है। गृह विभाग द्वारा 23 जून 2026 को जारी स्वीकृति आदेश के बाद तकनीकी संवर्ग के पुलिसकर्मियों को पदोन्नति के अधिक अवसर मिल सकेंगे।

पुलिस विभाग के अनुसार तकनीकी संवर्ग में लंबे समय से पदोन्नति के अवसर सीमित होने के कारण बड़ी संख्या में कॉन्स्टेबल एक ही पद पर कार्यरत थे, जबकि समान अवधि में सिविल पुलिस के कार्मिक उच्च पदों तक पहुंच चुके हैं। नए कैडर पुनर्गठन से तकनीकी संवर्ग में भी समयानुसार पदोन्नतियों का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे कार्मिकों का मनोबल बढ़ेगा और कार्यक्षमता में सुधार आएगा।

स्वीकृति के तहत चालक संवर्ग के 331 पदों का पुनर्गठन कर 16 पुलिस निरीक्षक/सीसी, 62 उप निरीक्षक/पीसी तथा 253 हेड कॉन्स्टेबल पद बढ़ाए गए हैं। बैंड शाखा में 69 नए उच्च पद सृजित किए गए हैं, जिनमें 17 उप निरीक्षक और 52 हेड कॉन्स्टेबल पद शामिल हैं। वहीं घुड़सवार संवर्ग में उप निरीक्षक/पीसी के 3 अतिरिक्त पद स्वीकृत किए गए हैं।

कैडर पुनर्गठन के बाद सिविल, आईबी, दूरसंचार एवं आरएसी/एमबीसी चालक शाखा में पुलिस निरीक्षक/सीसी के पद 17 से बढ़कर 33, उप निरीक्षक के पद 108 से बढ़कर 170 तथा हेड कॉन्स्टेबल के पद 1046 से बढ़कर 1299 हो गए हैं। इसी प्रकार बैंड शाखा में उप निरीक्षक के पद 10 से बढ़कर 27 और हेड कॉन्स्टेबल के पद 141 से बढ़कर 193 कर दिए गए हैं। सिविल घुड़सवार शाखा में उप निरीक्षक के पदों की संख्या 1 से बढ़ाकर 4 कर दी गई है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि तकनीकी संवर्ग में पदोन्नति के सीमित अवसरों को देखते हुए राज्य सरकार को कैडर पुनर्गठन का प्रस्ताव भेजा गया था। मुख्यमंत्री ने बजट वर्ष 2026-27 में इसकी घोषणा की थी, जिसकी अनुपालना में गृह विभाग ने स्वीकृति जारी की है।

डीजीपी ने कहा कि राजस्थान पुलिस को आधुनिक, दक्ष और सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। इससे तकनीकी शाखाओं की कार्यक्षमता, सेवा गुणवत्ता और कार्मिक कल्याण को भी नई मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story