राजस्थान पुलिस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान पुलिस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज


जयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान पुलिस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024 के अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रशासनिक सुधार विभाग राजस्थान जयपुर से गैर अनुसूचित क्षेत्र के 527 तथा अनुसूचित क्षेत्र के 28 चयनित अभ्यर्थियों की सूची राजस्थान पुलिस को नियुक्ति के लिए प्राप्त हो चुकी है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों से वर्गवार रिक्त पदों की जानकारी मांगी है। रिक्तियों का विवरण प्राप्त होते ही नियमानुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सितंबर 2026 के प्रथम सप्ताह तक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दिए जाने की कार्रवाई जारी है।

अग्रवाल ने बताया कि विभाग स्तर पर नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि चयनित अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द पदस्थापन मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story