राजस्थान पंचायत चुनाव: सरपंच नतीजों के बाद कई जगह बवाल, कहीं पथराव-आगजनी तो कहीं पुलिस से झड़प

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान पंचायत चुनाव: सरपंच नतीजों के बाद कई जगह बवाल, कहीं पथराव-आगजनी तो कहीं पुलिस से झड़प


राजस्थान पंचायत चुनाव: सरपंच नतीजों के बाद कई जगह बवाल, कहीं पथराव-आगजनी तो कहीं पुलिस से झड़प


जयपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में शुक्रवार को ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पद के लिए मतदान हो रहा है। इससे पहले गुरुवार को प्रदेश की 3,716 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पद के लिए मतदान हुआ। देर रात तक अधिकांश पंचायतों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए। नतीजे आने के साथ ही कई जगह जश्न का माहौल रहा, लेकिन कुछ स्थानों पर हार-जीत को लेकर विवाद भी सामने आए।

उदयपुर की खेरवाड़ा पंचायत समिति की नवाघरा ग्राम पंचायत में रात करीब 11:30 बजे पुष्पादेवी की जीत घोषित होने के बाद हंगामा हो गया। जीते प्रत्याशी को घर ले जाते समय हारे प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना स्थल पर पथराव और आगजनी कर दी। भीड़ ने परिसर में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया।

झुंझुनूं में गोठड़ा पंचायत समिति की रामपुरा ग्राम पंचायत में सुभिता देवी के सरपंच निर्वाचित होने के बाद असंतुष्ट प्रत्याशियों और समर्थकों ने परिणाम पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया तो झड़प हो गई।

तनाव को देखते हुए सुबह करीब 4 बजे अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। शुक्रवार को हुए उपसरपंच चुनाव में बबली कुमारी कुमावत निर्वाचित हुईं।

सलूंबर की सेमारी ग्राम पंचायत में भाजपा विधायक शांता मीणा के बेटे कपिल मीणा सरपंच का चुनाव हार गए। वहीं खेरवाड़ा में कांग्रेस विधायक दयाराम परमार के भाई की पत्नी कमला परमार को भी हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर देवली में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के मीडिया सलाहकार महेंद्र भारद्वाज की पत्नी शोभा भारद्वाज ने 124 वोट से जीत हासिल की। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की चाची टम्मा कंवर भी सरपंच निर्वाचित हुईं।

भरतपुर के दर्र बराहना में विमला कुमारी को एक वोट से विजेता घोषित किए जाने के बाद प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी ने तीन वोट कम गिनने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसके बाद काउंटिंग एसडीएम कार्यालय में कराने का निर्णय किया गया। दौसा के बड़ोली बूथ पर मतपेटी की सील टूटी मिलने के आरोप के बाद भीड़ जुट गई। चित्तौड़गढ़ में मानपुरा में मतगणना में गड़बड़ी की अफवाह के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने समझाइश कर नियंत्रित किया।

उधर, टोंक की बीसलपुर ग्राम पंचायत में नौसर देवी भील ने 151 वोट हासिल कर सरपंच का चुनाव जीता। यह राजस्थान की सबसे छोटी ग्राम पंचायत बताई गई है, जहां कुल 294 मतदाता हैं।

वहीं राशमी की अड़ाना ग्राम पंचायत के वार्ड-3 में मतपत्र में एक प्रत्याशी का नाम नहीं होने के कारण 16 नवंबर को पुनर्मतदान कराया जाएगा। इसके अगले दिन 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।

अब आज उपसरपंचों के चुनाव के साथ तीसरे चरण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773238 Articles

Share this story