राजस्थान के 66 लाख किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान के 66 लाख किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ


जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 22 अप्रैल को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की छठीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान राज्य के 66 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 665 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

यह राशि ओसियां (जोधपुर) में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में जारी की जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी होगी, वहीं जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर भी विशेष आयोजन किए जाएंगे।

सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 5 किश्तों में 71 लाख से अधिक किसान परिवारों को 2726 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि डीबीटी के माध्यम से दी जा चुकी है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत राज्य में 76 लाख से अधिक किसानों को 6 किश्तों में 9583 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।

राज्य सरकार द्वारा लागू मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को केंद्र की योजना के अतिरिक्त 3000 रुपये की राशि दी जा रही है। इस प्रकार अब किसानों को कुल 9000 रुपये प्रतिवर्ष सम्मान निधि के रूप में मिल रहे हैं।

सरकार का कहना है कि इस योजना से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story