यूरोप के विद्यार्थियों को दिया पंचकर्म प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
यूरोप के विद्यार्थियों को दिया पंचकर्म प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण


जोधपुर, 03 सितम्बर (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविन्द सहाय शुक्ल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के स्नातकोत्तर पंचकर्म विभाग में यूरोप आयुर्वेद अकादमी के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर यूरोप आयुर्वेद अकादमी के विद्यार्थियों ने स्नातकोत्तर पंचकर्म विभाग एवं संजीवनी चिकित्सालय का भ्रमण किया तथा आयुर्वेद की पंचकर्म चिकित्सा पद्धति, विभिन्न पंचकर्म प्रक्रियाओं एवं उनके व्यावहारिक पक्षों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

विद्यार्थियों को विशेष रूप से स्नेहन, स्वेदन, वमन, विरेचन एवं बस्ति कर्म सहित विभिन्न पंचकर्म प्रक्रियाओं के सिद्धांत एवं व्यवहारिक उपयोग के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रारंभ में कुलगुरु प्रोफेसर गोविंद शाह शुक्ला के अध्यक्षता में प्रशिक्षण

कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। इस 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान यूरोपियन आयुर्वेद अकादमी के विद्यार्थियों को आयुर्वेद की पारंपरिक अवधारणाओं के साथ क्लीनिकल प्रैक्टिस, समकालीन शिक्षा एवं वैश्विक परिप्रेक्ष्य का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा।

कुलगुरु प्रोफेसर गोविंद सहाय शुक्ल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि आयुर्वेद की वैश्विक स्वीकार्यता निरंतर बढ़ रही है और ऐसे अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं क्लीनिकल प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को आयुर्वेद को वैश्विकपरिप्रेक्ष्य में समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में यूरोपियन आयुर्वेद अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुरेश स्वर्णपुरी ने वैश्विक स्तर पर आयुर्वेद का अभ्यास, नैदानिक एकीकरण एवं समकालीन शिक्षा विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। स्नातकोत्तर पंचकर्म विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञानप्रकाश शर्मा ने विद्यार्थियों को पंचकर्म चिकित्सा की शास्त्रीय अवधारणाओं, ऋतु अनुसार पंचकर्म के महत्व तथा विभिन्न रोगों में पंचकर्म की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में स्नातकोत्तर पंचकर्म विभाग सहायक आचार्य डॉ. दिलीप कुमार व्यास, डॉ. अचला राम कुमावत, डॉ. गौरीशंकर राजपुरोहित एवं स्नातकोत्तर पंचकर्म विभाग के समस्त पी.जी. अध्येता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story