मीडियाकर्मी हादसे में घायल, बाइक को टक्कर मार फरार हुआ कार चालक
चित्तौड़गढ़, 24 जून (हि.स.)। चित्तौड़गढ़ में मीडियाकर्मी ओम भट्ट बीती रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला मुख्यालय पर श्री सांवलियाजी राजकीय सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों की देख-रेख में उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, ओम भट्ट रात करीब 12.30 बजे निम्बाहेड़ा रोड से बाइक से चित्तौड़गढ़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कृषि विभाग के सीताफल केंद्र के सामने एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद ओम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे बेहोशी की अवस्था में पड़े रहे। करीब पांच घंटे बाद उन्हें होश आने पर उन्होंने अपने करीबी मित्र को फोन कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मित्र मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच में उनके दाहिने हाथ और बाईं कोहनी में फ्रैक्चर तथा चेहरे पर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही मीडियाकर्मियों में चिंता और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। पत्रकार संगठनों ने दुर्घटना के जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक की शीघ्र पहचान कर उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

