मातृशक्ति मानसून फेस्ट 23 अगस्त को, देशभर से महिला भाजपा नेत्रियां होंगी शामिल

WhatsApp Channel Join Now
मातृशक्ति मानसून फेस्ट 23 अगस्त को, देशभर से महिला भाजपा नेत्रियां होंगी शामिल


अजमेर, 17 अगस्त (हि.स.)। अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर 23 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘मातृशक्ति मानसून फेस्ट-2026’ की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फेस्ट रविवार को दोपहर 2 बजे से डीएवी कॉलेज के खेल मैदान में होगा। महिलाओं को समर्पित इस आयोजन में करीब 15 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का पोस्टर भी जारी किया गया।

विधायक भदेल ने बताया कि यह आयोजन लगातार छठी बार हो रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को मनोरंजन के साथ अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता प्रदर्शित करने का मंच देना है। फेस्ट में मिस लहरिया, मिस ट्रेडिशनल, मिस ब्राइडल और ‘रिश्ते’ श्रेणी में प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन, मिक्सर ग्राइंडर सहित आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक श्रेणी में सांत्वना पुरस्कार भी रखे गए हैं।

फेस्ट में महिलाओं और बच्चों के लिए झूले, हॉर्स राइडिंग, कैमल सफारी, हाउजी, चेयर रेस, रिंग गेम और अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताएं होंगी। विभिन्न उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। राजस्थान के विभिन्न जिलों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं हस्तनिर्मित राखियां, हैंडीक्राफ्ट, परिधान, पर्स, मांडना सहित अन्य उत्पादों की बिक्री करेंगी।

फेस्ट के समापन पर लकी ड्रॉ निकाला जाएगा। प्रथम विजेता को 75 हजार रुपए की ई-बाइक, द्वितीय को 11 हजार और तृतीय को 5100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। विद्यालयी छात्राओं के लिए अंतरविद्यालय समूह लोकनृत्य प्रतियोगिता भी होगी।

भदेल ने बताया कि महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का कैम्प तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए मेडिकल कैम्प लगाया जाएगा। सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश, चल शौचालय और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। फेस्ट में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की महिला हस्तियों सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित कई महिला जनप्रतिनिधि शामिल हैं। कार्यक्रम को विभिन्न संस्थाओं का सहयोग मिल रहा है।

इस अवसर पर मंजु शर्मा, सीमा गोस्वामी, रविन्द्र सिंह जादोन, हेमंत सांखला, राजेश घाटे, हितेश ढाबरिया सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story