माता के जागरण में कव्वाली को लेकर विवाद, अजमेर में हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
माता के जागरण में कव्वाली को लेकर विवाद, अजमेर में हंगामा


माता के जागरण में कव्वाली को लेकर विवाद, अजमेर में हंगामा


अजमेर, 23 मार्च (हि.स.)। अजमेर के शास्त्री नगर क्षेत्र में 22 मार्च की रात आयोजित माता के जागरण के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने गायक जॉन अजमेरी का विरोध शुरू कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर गायक को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर जाना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध कर रहे कुछ कार्यकर्ताओं ने मंच पर पहुंचकर गायक को रोकने का प्रयास किया और उन्हें पकड़ने की कोशिश भी की। हालात बिगड़ते देख आयोजकों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद गायक को मंच छोड़ना पड़ा और कार्यक्रम बाधित हो गया।

विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप था कि जॉन अजमेरी ने 21 मार्च को अजमेर के नगरा क्षेत्र में आयोजित एक अन्य जागरण में कव्वाली प्रस्तुत की थी, जो सनातन धर्म की परंपराओं के अनुरूप नहीं थी। उनका कहना था कि कव्वाली से उन्हें आपत्ति नहीं है, लेकिन माता के जागरण जैसे धार्मिक आयोजनों में इसकी प्रस्तुति अनुचित है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में जॉन अजमेरी को प्रस्तुति नहीं देने दी जाएगी।

इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय मंत्री और पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश किशन गुर्जर ने कहा कि नवरात्रि के दौरान होने वाले जागरणों में देवी-पूजन और भजनों की परंपरा होती है। ऐसे में अन्य धार्मिक शैली की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत कर सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब अन्य धार्मिक स्थलों पर हिंदू धार्मिक पाठ नहीं होते, तो मंदिर स्वरूप आयोजनों में भी परंपराओं का पालन होना चाहिए। वहीं गायक जॉन अजमेरी ने कहा कि यदि उनकी प्रस्तुति से किसी की धार्मिक भावना आहत हुई है तो वे इसके लिए क्षमा चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले 25 वर्षों से विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देते आ रहे हैं और सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनके साथ पहली बार हुआ है और वे इससे आहत हैं। साथ ही, उन्होंने भविष्य में अपनी सुरक्षा को लेकर प्रशासन से सहयोग की मांग की है।

घटना के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story