महिला पर तेंदुए का हमला, ग्रामीणों के शोर से बची जान
भरतपुर, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के रूपवास थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक महिला पर तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। खेत में गेहूं काट रही 52 वर्षीय चंद्रवती पर अचानक झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने हमला कर दिया।
ग्रामीणों के शोर-शराबे के कारण महिला की जान बच सकी।
तेजनगर गांव निवासी वीरेंद्र ने बताया कि उसकी मां चंद्रवती सुबह खेत में गेहूं काट रही थी। आस-पास अन्य किसान भी काम कर रहे थे। इसी दौरान फसल और झाड़ियों में छिपा तेंदुआ अचानक बाहर निकला और सीधे चंद्रवती पर झपट पड़ा। घायल महिला चंद्रवती ने बताया कि तेंदुए ने झपटते ही उसकी गर्दन अपने जबड़ों में दबोच ली और उसे घसीटने लगा। अचानक हुए हमले से वह जमीन पर गिर गई। तेंदुए ने अपने पंजों और दांतों से उसके चेहरे और शरीर पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
महिला के बेटे श्रीकांत ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग दौड़ पड़े और तेंदुआ महिला को छोड़कर भाग गया। चंद्रवती ने बताया कि अगर कुछ सेकंड और देर होती, तो उसकी जान जा सकती थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को तुरंत रूपवास अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके गले, हाथ और चेहरे पर गहरे घावों का इलाज किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
फोरेस्टर शुष्पेंद्र सिंह परमार के अनुसार, क्षेत्र में ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अभी तक किसी जंगली जानवर की मूवमेंट की पुष्टि नहीं हो सकी है। यह भी जांच की जा रही है कि हमला तेंदुए ने ही किया या किसी अन्य जंगली जानवर ने।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहले कभी तेंदुए की मौजूदगी नहीं देखी गई थी। इस घटना के बाद तेजनगर और आसपास के गांवों में डर का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

