महिला दिवस पर 11 महिलाओं का सम्मान, उद्यम से जुड़ने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
महिला दिवस पर 11 महिलाओं का सम्मान, उद्यम से जुड़ने का आह्वान


जयपुर, 08 मार्च (हि.स.)। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि महिलाओं की तरक्की के लिए सामाजिक जागरूकता बेहद जरूरी है और इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना से देश में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगे हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और वर्ष 2014 के बाद महिला सशक्तीकरण को लेकर देश में नई सोच विकसित हुई है।

उद्योग मंत्री रविवार को जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित महिला सम्मान समारोह एवं परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की विभिन्न योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए हैं। महिलाओं को उद्यम से जोड़ने के लिए उद्योग विभाग की योजनाओं में अतिरिक्त सब्सिडी सहित कई प्रावधान किए गए हैं।

राठौड़ ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में गांव और कस्बों में महिलाओं द्वारा संचालित छोटे-छोटे उद्यमों का बड़ा योगदान होगा।

उन्होंने सफल महिला उद्यमियों से अधिक से अधिक महिलाओं को प्रेरित करने और उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उद्यम, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 11 महिलाओं को एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभाग में कार्यरत महिला कार्मिकों को भी विशेष कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मंत्री ने एक शहीद आश्रित की पुत्री को उद्योग प्रसार अधिकारी पद के लिए नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया। विभिन्न योजनाओं के तहत दो महिलाओं को ऋण के चेक, नौ महिलाओं को स्वीकृति पत्र और दो महिलाओं को राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) के माध्यम से भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए गए।

इस दौरान एक लाइव गेम का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को एक ई-साइकिल और एक स्पोर्ट्स साइकिल प्रदान की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में ओडीओपी नीति के अंतर्गत आईसीईएस की ‘कौशल वाहिनी-स्किल ऑन व्हील्स’ को झंडी दिखाकर शिल्पकारों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की योजनाओं का लाभ लेने वाली 10 महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए।

उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से उद्योग स्थापित करने में आर्थिक सहयोग मिला और देश-विदेश में उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए भी अनुदान प्राप्त हुआ।

रान्जका गारमेंट की उद्यमी डेमा मित्तल ने बताया कि राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन नीति से उन्हें काफी लाभ मिला है। सरकार के सहयोग से उन्हें अमेरिका में अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने का अवसर मिला, जिसके बाद वहां से ऑर्डर भी मिलने लगे हैं। महिला दिवस को विशेष बनाने के लिए कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी विभाग की महिला अधिकारियों को सौंपी गई थी। पंजीकरण से लेकर मंच संचालन तक सभी व्यवस्थाएं महिला अधिकारियों द्वारा ही संभाली गईं।

कार्यक्रम में रीको की प्रबंध निदेशक शिवांगी स्वर्णकार ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त मनीषा अरोड़ा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल, आयुक्त सुरेश ओला सहित उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न उद्योग संगठनों की प्रतिनिधि महिलाएं भी मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story