मंदिरों में सजाई अन्नकूट की झांकी, विभिन्न व्यंजनों का लगाया भोग

WhatsApp Channel Join Now
मंदिरों में सजाई अन्नकूट की झांकी, विभिन्न व्यंजनों का लगाया भोग


अन्नकूट महोत्सव को लेकर भक्तों में दिखाई दे रहा उत्साह

जोधपुर, 16 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली के तीसरे दिन से शुरू हुए अन्नकूट महोत्सव को लेकर भक्तों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। शहर के प्रमुख मंदिरों में अन्नकूट व छप्पन भोग का दौर जारी है। श्रद्धालुओं ने आज भी भगवानों को छप्पन भोग लगाकर सर्वमंगल व खुशहाली की कामना की।

खांडा फलसा स्थित रघुनाथजी एवं दरियावजी मंदिर में जोधपुरी अरोड़ा खत्री समाज न्यास की ओर से अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान को करीब 151 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। महोत्सव के तहत मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया तथा ठाकुरजी का फूल मंडली से मनमोहक श्रृंगार किया गया। महोत्सव के दौरान महाआरती का आयोजन हुआ। आरती के पश्चात कच्ची प्रसादी का वितरण किया गया। आयोजन में न्यास अध्यक्ष प्रदीप अरोड़ा, महामंत्री रमेश चन्द्र अरोड़ा एवं कोषाध्यक्ष अशोक सजिया सहित अजय हवेजा, जयेश मणिहार, विष्णु नारायणकाठ, रमेश लखाणी, रामदास छाबड़ा, अक्षय हवेजा सहित महिला मंडल का सहयोग रहा।

वहीं ओल्ड कैंपस के सामने स्थित श्री पीपलेश्वर महादेव मंदिर में मंदिर के महंत श्रीधर गिरी महाराज के सान्निध्य में मंदिर के प्रमुख पुजारी पं. शिवसागर शास्त्री द्वारा विधिवत पूजा अर्चना के साथ अन्नकूट मनोरथ का दिव्य आयोजन हुआ। मंदिर सेवक पं. सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि अन्नकूट दर्शन, सुंदरकांड पाठ और पूर्णारती में अनेक श्रद्धालु शामिल हुए। श्रीधर गिरी महाराज ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव हिंदू धर्म का एक प्रमुख पर्व है जो कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा (दीपावली के ठीक अगले दिन) से मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के अनाजों, मिठाइयों और 56 व्यंजनों (छप्पन भोग) का पर्वत के रूप में भोग लगाया जाता है।

इसी तरह बाईजी का तालाब स्थित विश्वकर्मा मंदिर में अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली स्नेह मिलन का आयोजन हुआ। मंदिर कमेटी के सचिव एडवोकेट हरीश जांगिड़ ने बताया कि मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुरेश शर्मा व श्री विश्वकर्मा जांगिड़ पंचायत अध्यक्ष वासुदेव बुढल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्योति स्वरूप धनेरवा की मेजबानी में अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर कमेटी के संरक्षक व पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर लाल हर्षवाल व कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा अन्नकूट की मनोरम झांकी सजाई गई। इस दौरान भजन कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के गायक मीरा झाला, मिश्रीलाल कुलरिया, माणक राम अटवासिया, सहदेव कुलरिया, भागीरथ दुर्गेसर ने भजनों की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। ठाकुरजी और भगवान श्री विश्वकर्मा को भोग लगाकर आरती के बाद भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story