भीलवाड़ा को मिलेगी एयर-रेल कनेक्टिविटी और मेगा टेक्सटाइल पार्क की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
भीलवाड़ा को मिलेगी एयर-रेल कनेक्टिविटी और मेगा टेक्सटाइल पार्क की सौगात


भीलवाड़ा को मिलेगी एयर-रेल कनेक्टिविटी और मेगा टेक्सटाइल पार्क की सौगात


भीलवाड़ा को मिलेगी एयर-रेल कनेक्टिविटी और मेगा टेक्सटाइल पार्क की सौगात


भीलवाड़ा, 24 मई (हि.स.)। राजस्थान की वस्त्र नगरी के रूप में पहचान रखने वाले भीलवाड़ा को एयर एवं रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में नई सौगात मिलने की उम्मीद जगी है। केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि भीलवाड़ा देश की अग्रणी टेक्सटाइल नगरी है और यहां के उद्योगपतियों की मेहनत तथा उद्यमशीलता ने इसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।

केंद्रीय मंत्री रविवार को भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन द्वारा रीको ग्रोथ सेंटर स्थित फेडरेशन भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा के विकास में एयर एवं रेल कनेक्टिविटी की कमी एक बड़ी बाधा रही है। केंद्र सरकार इन दोनों क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

मेघवाल ने कहा कि उद्योग, व्यापार और निर्यात को गति देने के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विकास आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सांसद Damodar Agarwal उन्हें हमीरगढ़ हवाई पट्टी लेकर गए, जहां वर्तमान व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भीलवाड़ा को बेहतर एयर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने और रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि उद्योग जगत को वित्त मंत्रालय, निर्यात, प्रोसेसिंग अथवा अन्य मंत्रालयों से जुड़े मामलों में केंद्र सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने पूर्व में आयोजित टीयूएफएस शिविर का उल्लेख करते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर ऐसे शिविर पुन: लगाए जाएंगे।

मेघवाल ने कहा कि राजस्थान में यदि मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापित किया जाता है तो भीलवाड़ा का उस पर पहला अधिकार बनता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी। उनके अनुसार मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना से भीलवाड़ा में औद्योगिक विकास, रोजगार और निवेश को नई गति मिलेगी।

भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि भीलवाड़ा देश की वस्त्र नगरी के रूप में विख्यात है और यहां का करीब 35 हजार करोड़ रुपये का टर्नओवर तथा हजारों करोड़ रुपये का निर्यात इसकी औद्योगिक क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से एयर एवं रेल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देने तथा हमीरगढ़ हवाई पट्टी के विकास के लिए सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नियमित एयर सेवा शुरू होने से जिले के उद्योग, व्यापार और निर्यात क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। साथ ही टेक्निकल टेक्सटाइल एवं चैलेंजिंग मोड आधारित मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए भीलवाड़ा को सबसे उपयुक्त बताते हुए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा। कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी फेडरेशन के पदाधिकारी, उद्योगपति एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

अभिनंदन समारोह से पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हमीरगढ़ हवाई पट्टी का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं एवं एयर कनेक्टिविटी की संभावनाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधु ने हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं और संभावित विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं ड्यून्स एविएशन अकादमी के अकाउंटेबल मैनेजर मुकेश माथुर, सीएसओ जितेंद्र चौधरी तथा फ्लाइट इंस्ट्रक्टर कैप्टन पुगा ने प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी साझा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Share this story