भारत समन्वय धाम में श्रद्धापूर्वक मनाया सदगुरु प्राकट्य उत्सव
जोधपुर, 19 सितम्बर (हि.स.)। भारत समन्वय धाम में शनिवार को सदगुरु प्राकट्य उत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह सदगुरुदेव की चिन्मय सन्निधि में भगवान मनकामेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया गया। वहीं भगवान लक्ष्मीनारायण का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही स्वामी श्री सत्यमित्रानंद गिरि सभागार में सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा, गुरु भजन एवं स्तुति गान का आयोजन हुआ। इसके पश्चात यजमान अनिल व्यास द्वारा गुरु पादुका पूजन किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर आचार्य रामानुज महाराज ने सदगुरुदेव के संस्मरण सुनाते हुए गुरु महिमा पर प्रकाश डाला। इसके बाद आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर समन्वय परिवार, जोधपुर के गुरु भाई-बहनों ने सदगुरुदेव के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके आशीर्वाद में जीवन को सार्थक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

