भगवान महावीर स्वामी की जयंती पर शोभायात्रा मंगलवार को

WhatsApp Channel Join Now
भगवान महावीर स्वामी की जयंती पर शोभायात्रा मंगलवार को


जोधपुर, 30 मार्च (हि.स.)। श्री महावीर जैन नवयुवक मण्डल एवं भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति की ओर से अहिंसा के अवतार श्रमण भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत मंगलवार को शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में जैन धर्म, भगवान महावीर और उनके जीवन आदर्शों से ओत प्रोत लगभग सौ से अधिक झांकियां शामिल होगी। शोभायात्रा में शामिल अधिकांश झांकियां इको फ्रेंडली होगी।

समिति अध्यक्ष बलवंत खिंवसरा, सचिव धीरज कुमार रांका व मीडिया प्रभारी प्रवीण सुराणा ने बताया कि समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में 31 मार्च को सुबह 8.30 बजे पूजा अर्चना के पश्चात् फतेहपोल से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा नवचौकिया, खाण्डाफलसा, जालोरीगेट, मेडिकल मार्केट, एमजीएच रोड, दिगंबर जैन मंदिर, स्टेशन रोड, सोजती गेट, महावीर मार्केट, त्रिपोलिया बाजार, कन्दोई बाजार, कटला बाजार, कपडा बाजार, सिरे बाजार होते हुए जूनी धानमण्डी स्थित महावीर स्वामी के मंदिर पर विसर्जित होगी तथा मुख्य शोभायात्रा में विभिन्न क्षेत्रों भैरूबाग, प्रतापनगर, गुरों का तालाब, महिलाबाग, शांतिपुरा, महामंदिर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, कुडी भगतासनी, भगत की कोठी, बाडमेर भवन, मूथाजी मंदिर नागौरीगेट, पावटा, यूआईटी आदि क्षेत्र की उप शोभा यात्राएं जालोरी गेट एवं सोजती गेट से सम्मिलित होगी। इस बार शोभायात्रा में ई रिक्शा की पहल की गई है।

तीर्थंकर महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष में भगवान महावीर जन्म महोत्सव प्रसादी समिति द्वारा महावीर प्रसादी एवं नवकार महामंत्र जाप का आयोजन मंगलवार को दोपहर तीन बजे से सूर्यास्त तक प्रतापनगर गुरों का तालाब रोड स्थित आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय के केशव परिसर प्रांगण में रखा गया है जिमसें समाज के हजारों स्वजाति बंधु प्रसादी ग्रहण करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story