बीकानेर में 14,992 किलो नमक और 1,103 किलो बादाम सीज : 510 किलो मिठाई एवं अन्य दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट
बीकानेर, 21 अगस्त (हि.स.)। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, आयुक्तालय मुख्यालय के निर्देशानुसार रक्षाबंधन के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई की गई।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि 18 से 21 अगस्त तक सोहन पपड़ी, रसगुल्ला, नमकीन, बेसन लड्डू, काजू डोडा बर्फी, गुलाब जामुन, आयोडाइज्ड नमक, आलू की सब्जी, यूज्ड कुकिंग ऑयल, चिड़ावा पेड़े, बादाम एवं काजू सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 16 नमूने लिए गए। इस दौरान लगभग 510 किलोग्राम मिठाई एवं अन्य दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई गई।
उन्होंने बताया कि मैसर्स श्री श्याम ट्रेडर्स पर महाभोग एवं राधे-राधे ब्रांड के आयोडाइज्ड नमक की कुल 14,992 किलोग्राम मात्रा तथा मैसर्स चित्रा आइस फैक्ट्री एंड कोल्ड स्टोर पर 1,103 किलोग्राम बादाम को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक सीज किया गया है। लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

