बीकानेर में डंपर से टकराई कार, शिक्षक दंपती समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में डंपर से टकराई कार, शिक्षक दंपती समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत


बीकानेर, 05 अगस्त (हि.स.)। बीकानेर जिले में नेशनल हाईवे-62 (अबोहर-पिंडवाड़ा) पर बुधवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में शिक्षक दंपती समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा लूणकरणसर कस्बे के विश्वकर्मा मार्केट के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार पीछे से एक डंपर से टकरा गई।

पुलिस के अनुसार हादसे में श्रीकरणपुर (श्रीगंगानगर) निवासी संदीप शर्मा, उनकी पत्नी शृतिका, मां आशा जीवन और चाची सुषमा की मौके पर ही मौत हो गई। चारों कार से बीकानेर में संदीप के मामा की पोती के जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आगे की सीट पर बैठे लोग वाहन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया है तथा चालक की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

पारिवारिक जानकारी के अनुसार संदीप शर्मा की शादी जनवरी 2026 में हुई थी। वे श्रीकरणपुर के राजकीय आईटीआई कॉलेज में संविदा इंस्ट्रक्टर (शिक्षक) के रूप में कार्यरत थे। उनकी पत्नी शृतिका गांव नेतेवाला के राजकीय विद्यालय में तृतीय श्रेणी अध्यापिका थीं। संदीप की मां आशा जीवन सेवानिवृत्त शिक्षिका थीं, जबकि उनकी चाची सुषमा सेवानिवृत्त प्राचार्य थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story