बीकानेर में ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी सहित तीन की मौत, एक गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी सहित तीन की मौत, एक गंभीर घायल


बीकानेर, 8 नवंबर (हि.स.)। बीकानेर में रविवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान उन्हें बचाने के प्रयास में दो अन्य लोग भी ट्रेन की चपेट में आ गए।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रामू (55), उनकी पत्नी पिंकी (53) और संजीत मोची के रूप में हुई है। तीनों बिहार के दरभंगा के रहने वाले थे। हादसे में घायल अमरचंद सांखला बीकानेर के रानी बाजार क्षेत्र के निवासी हैं। ये सभी अमरचंद के खेत पर मजदूरी करते थे।

थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर किसी बात को लेकर रामू और पिंकी के बीच विवाद हो गया था। इसकी सूचना खेत में काम करने वाले एक व्यक्ति ने खेत मालिक अमरचंद को दी। इसी दौरान पति-पत्नी झगड़ते हुए रेलवे ट्रैक की ओर दौड़ने लगे। उन्हें बचाने के लिए संजीत भी पीछे दौड़ा। सूचना मिलने पर अमरचंद भी खेत पहुंचे और रेलवे ट्रैक की तरफ चले गए। इसी दौरान वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में चारों आ गए।

हादसे में रामू, पिंकी और संजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमरचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों मृतकों के शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रेन की चपेट में आने से शवों के कई हिस्से हो गए और वे रेलवे ट्रैक के आसपास दूर-दूर तक बिखर गए। असहाय सेवा संस्थान के राजकुमार खड़गावत ने बताया कि तीनों के शव करीब आधा किलोमीटर के दायरे में बिखरे हुए थे। शवों को एकत्र कर अस्पताल पहुंचाने के लिए संस्थान के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।

हादसे के दौरान लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। ट्रेन रुकने के बाद बड़ी संख्या में यात्री नीचे उतरकर घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर जीआरपी, रेलवे कर्मचारी और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। वार्ड 30 के पार्षद अब्दुल सत्तार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774224 Articles

Share this story