बीकानेर में कैंसर जांच और अनुसंधान को नई दिशा दे रहा डायमंड्स केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में कैंसर जांच और अनुसंधान को नई दिशा दे रहा डायमंड्स केंद्र


बीकानेर, 24 जुलाई (हि.स.)। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर स्थित डीएचआर-आईसीएमआर डायमंड्स केंद्र कैंसर जांच, आणविक परीक्षण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। वर्ष 2024 में स्थापित इस अत्याधुनिक केंद्र की स्थापना में बीकानेर के सांसद एवं केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के विशेष प्रयासों और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रयासों से बीकानेर में आधुनिक कैंसर जांच की सुविधाएं विकसित हो सकीं।

केंद्र की निरंतर प्रगति में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र वर्मा के कुशल प्रबंधन, दूरदर्शी नेतृत्व और संस्थागत सहयोग का विशेष योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन में यह केंद्र कैंसर जांच, अनुसंधान और प्रशिक्षण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल की निदेशक डॉ. नीती शर्मा, चिकित्सा कैंसर विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कुमार बेनीवाल तथा केंद्र की प्रधान अनुसंधानकर्ता डॉ. सुनीता कुल्हरि के नेतृत्व में यहां आधुनिक आणविक जांच एवं शोध कार्य प्रभावी ढंग से संचालित हो रहे हैं।

इसी क्रम में 23 एवं 24 जुलाई को मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल के सहयोग से कैंसर जांच के लिए दो दिवसीय आरटी-पीसीआर व्यावहारिक प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया गया। इसमें देशभर से आए चिकित्सकों, वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को कैंसर की आणविक जांच, प्रयोगशाला कार्यप्रणाली तथा गुणवत्ता नियंत्रण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. विनय कुमार मेहरा तथा उनकी टीम—डॉ. चित्रलेखा सैनी, मोहम्मद फुरकान, गुनगुन जोशी, रोशन पंचारिया एवं रवि जनागल—उच्च गुणवत्ता के साथ कैंसर जांच सेवाएं संचालित कर रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. यशस्विनी, डॉ. अश्विनी एवं डॉ. कृष्ण डागला भी उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों का मानना है कि अब इस केंद्र को अगली पीढ़ी की जीन अनुक्रमण (एनजीएस) मशीन से सुसज्जित किया जाना समय की आवश्यकता है। इससे कैंसर से जुड़े जीन परिवर्तनों की सटीक पहचान, रोगी की आवश्यकता के अनुरूप उपचार तथा उच्चस्तरीय अनुसंधान को नई गति मिलेगी। साथ ही राजस्थान एवं आसपास के राज्यों के मरीजों को महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और बीकानेर में ही विश्वस्तरीय कैंसर जांच सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

डायमंड्स केंद्र का उद्देश्य बीकानेर को कैंसर की आणविक जांच, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान का राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र बनाना है। आधुनिक तकनीकों और भविष्य में अगली पीढ़ी की जीन अनुक्रमण सुविधा के समावेश से यह केंद्र देश के अग्रणी कैंसर अनुसंधान संस्थानों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story