बढऩे लगी गर्मी, सात शहरों का पारा 35 पार, बाड़मेर का पारा 40 से नजदीक
जयपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद अब प्रदेश के पारे में बढ़ोतरी होने लगी है। प्रदेश के 7 शहरों का दिन का पारा 35 और 8 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया। बाड़मेर का पारा 40 डिग्री के नजदीक पहुंच गया। आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने और धूप खिलने से पारे में बढ़ोतरी होगी। प्रदेश के शहरों के तापमान में 2 से 4 डिग्री का उछाल आया है। मौसम विभाग के अनुसार 39 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 24.4 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। पाली, चित्तौडग़ढ़, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी और जालोर का दिन का पारा 35 डिग्री के पार रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि एक कमजोर विक्षोभ के प्रभाव से 11 अप्रेल को बीकानेर संभाग के क्षेत्र में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। राज्य में आगामी 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। इससे गर्मी बढ़ेगी।
जयपुर में शुक्रवार को आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली। इससे जयपुर के पारे में उछाल दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में 2.2 और रात के तापमान में 2.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दिनों में जयपुर में गर्मी में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

