फैशन, फुटवियर डिज़ाइन और डिजिटल क्रिएटिविटी पर कार्यशाला 21 से

WhatsApp Channel Join Now
फैशन, फुटवियर डिज़ाइन और डिजिटल क्रिएटिविटी पर कार्यशाला 21 से


जोधपुर, 13 जून (हि.स.)। डिज़ाइन शिक्षा एवं रचनात्मक उद्योगों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों और युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से फुटवियर डिज़ाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) जोधपुर द्वारा एक विशेष डिज़ाइन कार्यशाला श्रृंखला डिज़ाइन एक्सप्लोर 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह एक सप्ताह का कौशल विकास कार्यक्रम 21 जून से प्रारंभ होकर पांच कार्य दिवसों तक आयोजित होगा।

संस्थान के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में डिज़ाइन केवल एक विषय नहीं, बल्कि नवाचार, सृजनात्मकता और उद्यमिता का माध्यम बन चुका है। ऐसे में डिज़ाइन एक्सप्लोर 2026 विद्यार्थियों को डिज़ाइन की विभिन्न विधाओं से परिचित कराने तथा उन्हें भविष्य के करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों के लिए तीन प्रमुख डिज़ाइन क्षेत्रों में विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। फुटवियर डिज़ाइन कार्यशाला में फुटवियर डिज़ाइन फंडामेंटल्स एवं फुटवियर प्रोटोटाइपिंग की जानकारी दी जाएगी। फैशन डिज़ाइन कार्यशाला में टूल्स, टेक्नीक्स एंड प्रोसेसेज़ के माध्यम से परिधान डिज़ाइन की मूलभूत अवधारणाओं को समझाया जाएगा। वहीं कम्प्यूटर एडेड डिज़ाइन कार्यशाला में वेक्टर डिज़ाइन, टाइपोग्राफी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story