पेल्वी-एसीटैबुलर ट्रॉमा पर राष्ट्रीय कैडेवरिक कार्यशाला शनिवार से

WhatsApp Channel Join Now
पेल्वी-एसीटैबुलर ट्रॉमा पर राष्ट्रीय कैडेवरिक कार्यशाला शनिवार से


देशभर के विशेषज्ञ देंगे आधुनिक शल्य तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण

जोधपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग की ओर से 8 एवं 9 अगस्त को दो दिवसीय राजस्थान पेल्वी-एसीटैबुलर कैडेवरिक ट्रॉमा कोर्स 2026 का आयोजन किया जाएगा। एनाटॉमी विभाग के डिसेक्शन हॉल एवं कॉलेज काउंसिल हॉल में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर के अस्थि रोग विशेषज्ञ और युवा सर्जन भाग लेंगे।

कोर्स के ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन एवं अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो. अरुण वैश्य ने बताया कि पेल्विस एवं एसीटैबुलम की जटिल चोटों का उपचार ऑर्थोपेडिक ट्रॉमा की सबसे चुनौतीपूर्ण प्रक्रियाओं में शामिल है। इनका सफल उपचार सटीक शारीरिक संरचना की जानकारी, उचित शल्य तकनीक, फ्रैक्चर रिडक्शन और सुरक्षित फिक्सेशन पर निर्भर करता है। इसी उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. रामा किशन ने बताया कि कार्यशाला में विशेषज्ञ व्याख्यान, रेडियोलॉजिकल एवं फ्रैक्चर पैटर्न आधारित उपचार योजना, सॉ-बोन फिक्सेशन प्रशिक्षण, पेल्विक रिकंस्ट्रक्शन प्लेट एवं उपकरणों का प्रदर्शन, कैडेवर पर विभिन्न शल्य एप्रोच तथा परक्यूटेनियस फिक्सेशन तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को विशेषज्ञों की निगरानी में स्वयं अभ्यास करने का अवसर भी मिलेगा।

कार्यक्रम के वैज्ञानिक अध्यक्ष एवं एम्स जोधपुर के अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो. अभय एल्हेंस ने बताया कि प्रशिक्षण का प्रारूप इस प्रकार तैयार किया गया है कि प्रतिभागी पेल्वी-एसीटैबुलर ट्रॉमा की मूल शारीरिक संरचना से लेकर जटिल फ्रैक्चर के शल्य उपचार तक चरणबद्ध जानकारी प्राप्त कर सकें। कार्यशाला में मॉडिफाइड स्टॉपा, एंटीरियर एप्रोच, इलियोफेमोरल, कोचर-लैंगेनबेक, एसआई स्क्रू फिक्सेशन तथा पेल्विक फिक्सेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में देश एवं प्रदेश के प्रतिष्ठित पेल्वी-एसीटैबुलर ट्रॉमा विशेषज्ञ फैकल्टी के रूप में प्रो. रमेश सेन, प्रो. विवेक त्रिखा, प्रो. अभय एल्हेंस, डॉ. प्रणव शाह सहित अनेक विशेषज्ञ भाग लेंगे। प्रतिभागियों को लाइव डेमोंस्ट्रेशन, विशेषज्ञों से संवाद और कैडेवर आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story