पेंसिल स्केच प्रदर्शनी में दिखी वरिष्ठ कलाकार प्रताप कुमार भाटिया की प्रतिभा
जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। जिस उम्र में अधिकांश लोग एक निष्क्रिय जीवनशैली के साथ एक निराशा भरा जीवन जीते हैं, प्रताप कुमार भाटिया ने उम्र के उस पड़ाव में पेंसिल स्केच बनाने की एक बिल्कुल नई विधा का हाथ थाम कर एक अलग पहचान बनाई है। 78 वर्षीय कलाकार प्रताप कुमार भाटिया की पेंसिल स्केच प्रदर्शनी शुक्रवार को जवाहर कला केंद्र की सुकृति कला दीर्घा में प्रारंभ हुई।
मुख्य अतिथि विधायक कालीचरण सराफ ने प्रदर्शनी का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया। इस दौरान जवाहर कला केंद्र के अतिरिक्त महानिदेशक गोपाल बिरदा भी रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया व भाटिया की कला की सराहना की। दिनभर बड़ी संख्या में कला रसिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
भाटिया ने प्रदर्शनी में करीब 100 पेंसिल स्केच प्रदर्शित किए हैं। उन्होंने प्रदर्शनी में गणेश जी, भगवान शिव, विभिन्न प्रसिद्ध मंदिर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अभिनेता अमिताभ बच्चन, धर्मेंन्द्र, गायिका आशा भोंसले, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी सहित देश के विभिन्न स्टेच्यू, वाद्य यंत्र, ज्वैलरी आदि को बारीकियों के साथ अपने स्केचेस में उकेरा है। इसके साथ लगभग विलुप्त हो चुके पक्षियों व बाघ के स्केच बनाकर वन्यजीव संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया है। पेशे से इंजीनियर रहे भाटिया ने कोरोना के दौर में अपनी कला यात्रा को बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के प्रारंभ किया और वे अब तक 500 से अधिक पेंसिल स्केच बना चुके हैं। भाटिया कला के क्षेत्र के साथ ही रोड सेफ्टी के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और उन्हें इसके लिए कई महत्वपूर्ण मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। प्रदर्शनी शनिवार व रविवार को भी कलाप्रेमियों के अवलोकनार्थ जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

