पूरे राजस्थान में छाया मानसून, अगले सप्ताह बारिश की गतिविधियां पड़ेंगी कमजोर
जयपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। मानसून ने गुरुवार को पूरे राजस्थान को अपने आगोश में ले लिया। प्रदेश में 2 जुलाई को प्रवेश करने वाले मानसून ने आठ दिन में सभी जिलों को कवर कर लिया। हालांकि इस बार मानसून ने औसत से एक दिन की देरी से पूरे राज्य को आच्छादित किया। गुरुवार को प्रदेश के 10 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि अजमेर जिले के केकड़ी में सर्वाधिक 50 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 10 और 11 जुलाई के बाद अगले एक सप्ताह तक राज्य में मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि गुरुवार को पश्चिमी राजस्थान के शेष भागों में भी मानसून आगे बढ़ गया और पूरे राज्य को कवर कर लिया। उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर एरिया अगले 24 घंटों में उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 10 जुलाई को भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इसके बाद 10-11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह तक कमजोर मानसूनी परिस्थितियों के कारण अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा और केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
गुरुवार को पिलानी, जालोर, अजमेर, बारां, भीलवाड़ा, चूरू, धौलपुर, झालावाड़ और करौली सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। धौलपुर में बुधवार देर रात शुरू हुई तेज बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। मनियां क्षेत्र में बारिश के कारण एक मकान ढह गया, जिससे छह लोग मलबे में दब गए। वहीं अजमेर जिले के किशनगढ़ में कच्चा मकान गिरने से माता-पिता और उनका बच्चा मलबे में दब गए।
प्रदेश में श्रीगंगानगर और जैसलमेर को छोड़कर सभी प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि संगरिया में न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर छिटपुट बादलों के बीच धूप निकलने के साथ हल्की हवाएं चलती रहीं।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में मेघगर्जन और झोंकेदार हवाएं भी दर्ज की गईं। पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। बुधवार को चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर में सर्वाधिक 91 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

