पुष्कर मेले में देसी खिलाड़ियों ने विदेशी टीम को दी पटखनी, 33-21 से जीता कबड्डी मुकाबला

WhatsApp Channel Join Now
पुष्कर मेले में देसी खिलाड़ियों ने विदेशी टीम को दी पटखनी, 33-21 से जीता कबड्डी मुकाबला


अजमेर, 19 नवंबर (हि.स.)। पुष्कर मेले में गुरुवार को कबड्डी का मुकाबला खेल और मस्ती का ऐसा संगम बना कि मैदान में खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हुई तो मैच खत्म होते ही जीत-हार का अंतर भी मिट गया। देसी और विदेशी पर्यटकों के बीच खेले गए कबड्डी मुकाबले में भारतीय टीम ने विदेशी खिलाड़ियों को 33-21 से हरा दिया। हालांकि हार के बावजूद विदेशी खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ और मैच के बाद उन्होंने देसी खिलाड़ियों के साथ ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया।

मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरा दमखम लगाया। विदेशी खिलाड़ियों ने भी कबड्डी के दांव-पेंच सीखते हुए भारतीय खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दी। कई मौकों पर विदेशी खिलाड़ियों ने देसी खिलाड़ियों को उठाकर पटक दिया। एक खिलाड़ी को उठाकर पटकने के दौरान उसकी टी-शर्ट तक फट गई। मैदान में खिलाड़ियों की जोरदार टक्कर और दर्शकों के उत्साह ने मुकाबले को खासा रोमांचक बना दिया।

मैच में भारतीय टीम ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और आखिरकार 33 अंक हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। विदेशी टीम 21 अंक ही जुटा सकी। जर्मनी से आए एंसेल ने पहली बार कबड्डी खेली। उन्होंने इसे अपने लिए शानदार अनुभव बताया। उनका कहना था कि उनकी टीम भले ही मुकाबला हार गई, लेकिन थोड़ी प्रैक्टिस के बाद इस खेल में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।

मैच देखने पहुंचीं अहमदाबाद की हनर ने बताया कि वह चौथी बार पुष्कर मेले में आई हैं और उन्हें मेले का माहौल बेहद पसंद है।

उन्होंने कहा कि वह अपने विदेशी दोस्तों का समर्थन कर रही थीं, लेकिन भारतीय टीम के लिए भी उनका पूरा उत्साह था। कबड्डी मुकाबला हारने के बाद विदेशी खिलाड़ियों ने जिस अंदाज में जश्न मनाया, उसने मैदान का माहौल और खुशनुमा बना दिया। विदेशी और देसी खिलाड़ी ढोल की थाप पर साथ-साथ नाचे। जीत-हार को पीछे छोड़कर खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटीं। यह नजारा पुष्कर मेले की खेल भावना और सांस्कृतिक मेलजोल की तस्वीर बन गया।

मेले में आयोजित हॉर्स डांस शो में सीकर से पहुंचे घोड़े ‘ढाकू’ ने अपने अनोखे डांस स्टेप से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता में करीब 11 पशुपालकों ने अपने घोड़ों के साथ हिस्सा लिया। घोड़ों का प्रदर्शन देखने के लिए बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी पहुंचे।

पशुपालन विभाग के अनुसार पुष्कर मेले में अब तक 9,101 पशुओं की आवक दर्ज की गई है। इनमें 5,537 घोड़े और 3,465 ऊंट शामिल हैं। अब तक 24 घोड़े और 51 ऊंट समेत 75 पशुओं की खरीद-बिक्री हुई है, जिससे करीब 49.97 लाख रुपए का कारोबार हुआ है।

मेले में अब तक सबसे महंगा घोड़ा 2.92 लाख रुपये और सबसे महंगा ऊंट 52 हजार रुपये में बिका है।

पुष्कर मेले में पशु प्रतियोगिताओं के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। शाम को राजस्थानी लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मेले की रौनक बढ़ाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story