पश्चिम विक्षोभ के असर से बाड़मेर सहित कुछ अन्य शहरों में हल्की बारिश

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम विक्षोभ के असर से बाड़मेर सहित कुछ अन्य शहरों में हल्की बारिश


जयपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के असर से बुधवार को बाड़मेर सहित कुछ अन्य शहरों में हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि बुधवार को पश्चिम राजस्थान के कुछ शहरों का पारा 40 डिग्री के नजदीक रहा तो वहीं जैसलमेर का पारा 40 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को 15 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है तो वहीं जयपुर संभाग के ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है।

मौसम विभाग के अनुसार जैसलमेर के अलावा बाड़मेर का पारा 39.8 और जोधपुर का 39.1 डिग्री दर्ज किया गया। 40 डिग्री के साथ जैसलमेर का दिन और 28.2 डिग्री के साथ बाड़मेर की रात सबसे गर्म रही। बुधवार को जयपुर के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु, नागौर, फलौदी व आसपास के जिलों में 15 अक्टूबर को तेज मेघगर्जन, तेज हवाएं 30-40 किमी प्रतिघंटा के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान बीकानेर संभाग और जयपुर संभाग के ग्रामीण इलाकों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी होने की संभावना है।

पूर्वी राजस्थान के जयपुर व भरतपुर संभाग के जिलों में 15 से 16 अक्टूबर के दौरान मेघगर्जन, तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में 16 अक्टूबर से तथा पूर्वी राजस्थान में 17 अक्टूबर से मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद पारे में गिरावट आने लगेगी और सर्दी में इजाफा देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story