पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा राजस्थान का मौसम, 14-15 मार्च को आंधी-बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा राजस्थान का मौसम, 14-15 मार्च को आंधी-बारिश का अलर्ट


पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा राजस्थान का मौसम, 14-15 मार्च को आंधी-बारिश का अलर्ट


जयपुर, 13 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के अधिकांश जिलों तथा बीकानेर-जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाने से दिन के तापमान में मामूली गिरावट आ गई और हीटवेव से भी राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 10 से 12 दिनों के दौरान दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इन सिस्टम के असर से कई जिलों में बादल छाने, हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है। इससे अगले दो सप्ताह तक प्रदेश में गर्मी सामान्य रहने की उम्मीद है।

गुरुवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान कोटा में 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बाड़मेर में पिछले दिनों 40-41 डिग्री के बीच चल रहा तापमान गिरकर 39.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

राजधानी जयपुर में सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिससे दोपहर की धूप कमजोर रही। दोपहर बाद से शाम तक हल्की धूलभरी हवा भी चली। बादलों के कारण शहर के तापमान में भी हल्की गिरावट आ गई। मौसम विभाग के अनुसार पहला पश्चिमी विक्षोभ 14 मार्च से सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 14-15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी, हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

इसके बाद दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 19 से 21 मार्च के बीच सक्रिय होने की संभावना है। इस दौरान भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने और आंधी-बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में 23-24 मार्च तक तापमान सामान्य रहने और भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story